शामली में एक लाख का कुख्यात अपराधी नफीस का एनकाउंटर, 34 मुकदमे चल रहे थे, 3 साल से था फरार

उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले में शुक्रवार की रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश मोहम्मद नफीस उर्फ मुदा मारा गया। यह मुठभेड़ कांधला थाना क्षेत्र के भाभीसा गांव के पास हुई, जहाँ पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने पलटवार किया ।

नफीस का आपराधिक इतिहास
नफीस पर 34 से अधिक मामले दर्ज थे जिनमें हत्या, लूट, डकैती, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल थे । वह कांधला कस्बे के मोहल्ला खैल का रहने वाला था और पिछले तीन सालों से फरार चल रहा था। उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था । पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह शातिर हिस्ट्रीशीटर था जो लगातार इलाके में दहशत फैलाए हुए था ।
मुठभेड़ की पूरी घटना
घटना के समय कैराना और कांधला पुलिस की संयुक्त टीम गश्त पर थी। सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक सवार भाभीसा मार्ग से गुजर रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की, तो नफीस ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी और बाद में अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया ।
मुठभेड़ के दौरान कांधला थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी लेकिन वे सुरक्षित हैं ।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
मौके से पुलिस ने एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की है, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ।
नफीस का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया जिसकी तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है ।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जिले में सक्रिय सभी वांछित अपराधियों की एक विशेष लिस्ट तैयार की गई है और उनकी धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है ।
स्थानीय प्रभाव
इस एनकाउंटर के बाद इलाके में काफी सनसनी फैली, लेकिन लोग पुलिस की कार्रवाई से राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि नफीस को लंबे समय से स्थानीय अपराध जगत का बड़ा चेहरा माना जाता था ।

