ब्राजील में तेज तूफानी हवाओं से स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की विशाल प्रतिमा गिरी, कोई हताहत नहीं

दक्षिणी ब्राजील के गुआइबा शहर में सोमवार को आए भीषण तूफान ने बड़ा नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की एक विशाल प्रतिकृति अचानक गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय प्रशासन और प्रतिमा की मालिक कंपनी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुआ, जब इलाके में तेज आंधी और बारिश का दौर चल रहा था।
स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी नहीं झेल सकी हवा का दबाव
गिरी हुई प्रतिमा की ऊंचाई करीब 114 फीट (लगभग 40 मीटर) बताई जा रही है। यह प्रतिकृति एक बड़े रिटेल स्टोर के पार्किंग एरिया में स्थापित थी। तूफान के दौरान तेज हवाओं के झोंकों ने प्रतिमा को झुका दिया, जिसके बाद वह असंतुलित होकर नीचे गिर गई। गिरते ही प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह तेज हवा के दबाव में प्रतिमा पहले हिलती है और फिर टूटकर गिर जाती है।
सुरक्षा के मद्देनजर इलाका किया गया सील
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह प्रतिमा 2020 से वहां स्थापित थी और सभी जरूरी तकनीकी मानकों को पूरा करती थी। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को घेर लिया गया और मलबा हटाने के लिए विशेषज्ञ टीमों को बुलाया गया।
बताया गया कि प्रतिमा का केवल ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि उसका आधार सुरक्षित रहा।
प्रशासन ने राहत की सांस ली
गुआइबा के मेयर मार्सेलो मारानाटा ने पुष्टि की कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासनिक टीमों और सिविल डिफेंस की कारवाही की सराहना की, जिसकी वजह से स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लिया जा सका।
90–100 किमी प्रति घंटे तक पहुंची हवा की रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। राज्य की सिविल डिफेंस एजेंसी ने पहले ही इलाके में तेज हवा और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी और लोगों को मोबाइल अलर्ट के जरिए सतर्क किया गया था।
कई इलाकों में तूफान का असर
इस तूफान का असर केवल गुआइबा तक सीमित नहीं रहा। रियो ग्रांडे दो सुल राज्य के कई हिस्सों में पेड़ गिरने, छतों के उड़ने, बिजली गुल होने और सड़कों पर जलभराव की खबरें सामने आईं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक ठंडे फ्रंट के कारण अचानक और तेज हवाएं चलीं।
हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मंगलवार से हालात धीरे-धीरे सामान्य हो सकते हैं, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।

