स्विट्ज़रलैंड में नए साल की जश्न की रात मातम में बदली, अल्पाइन रिज़ॉर्ट के बार में भीषण आग से दर्जनों की मौत की आशंका

स्विट्ज़रलैंड नए साल 2026 के स्वागत का जश्न स्विट्ज़रलैंड के प्रसिद्ध अल्पाइन रिज़ॉर्ट क्रांस-मोंटाना में एक भीषण त्रासदी में बदल गया। गुरुवार तड़के एक लोकप्रिय बार में लगी आग में दर्जनों लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि करीब 100 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने इस घटना को देश की हालिया सबसे भयावह घटनाओं में से एक बताया है।

आधी रात के बाद भड़की आग
पुलिस के अनुसार, नए साल के जश्न के दौरान Le Constellation बार में यह हादसा रात 12 बजे के करीब हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि बार के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते खुशियों का माहौल अफरा-तफरी और चीख-पुकार में बदल गया।
वालैस कैंटन पुलिस के कमांडर फ्रेडरिक गिस्लर ने बताया कि कई दर्जन लोगों के मारे जाने की आशंका है, हालांकि मृतकों की सटीक संख्या की पुष्टि में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की पहचान और उनके परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
चश्मदीदों ने बताया खौफनाक मंजर
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बार के अंदर लकड़ी की छत होने के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। कुछ लोगों ने बताया कि आग लगते ही छत का हिस्सा गिर गया और धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया।
लोग जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदते नजर आए, वहीं संकरी सीढ़ियों और दरवाजों पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
अस्पतालों पर बढ़ा दबाव
घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि स्थानीय अस्पतालों के आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जल्द ही भर गए। कई घायलों को हेलिकॉप्टर के ज़रिए आसपास के शहरों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे आने वाले दिनों में सावधानी बरतें ताकि चिकित्सा संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
आतंकी साजिश की आशंका से इनकार
वालैस कैंटन की अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिल्लो ने स्पष्ट किया कि इस घटना का किसी भी प्रकार के आतंकी हमले से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन मलबे में जाने से पहले विशेषज्ञों को स्थिति सुरक्षित करनी होगी।
पूरे देश में शोक की लहर
स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। सम्मान स्वरूप उन्होंने अपना पारंपरिक नववर्ष संदेश भी स्थगित कर दिया।
क्रांस-मोंटाना, जो अपनी स्की ढलानों और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए जाना जाता है, आज गहरे सदमे में है। एक ऐसा स्थान, जो नए साल की खुशियों का प्रतीक था, अब देश की सबसे दुखद घटनाओं में शामिल हो गया है।

